Thu. May 21st, 2026

ग्राफिक एरा ग्लोबल स्कूल में एनुअल प्राइज डे अर्जुन घनशाला बने बेस्ट फुटबॉलर ऑफ द ईयर

ग्राफिक एरा ग्लोबल स्कूल में एनुअल प्राइज डे

अर्जुन घनशाला बने बेस्ट फुटबॉलर ऑफ द ईयर

 

देहरादून, 21 मई। ग्राफिक एरा ग्लोबल स्कूल में छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन एवं विभिन्न गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। सीनियर कैटेगरी में यशराज पुंडीर और राधिका थापा ने बेस्ट एथलीट का खिताब अपने नाम किया, जबकि अर्जुन घनशाला को बेस्ट फुटबॉलर ऑफ द ईयर चुना गया।

आज ग्राफिक एरा ग्लोबल स्कूल में छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक उपलब्धियों, खेल प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मानित करने के लिए एनुअल प्राइज डे का आयोजन किया गया। ग्राफिक एरा ग्लोबल स्कूल के प्रधानाचार्य राजकुमार त्रेहन ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है। कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ निरंतर प्रयास करने वाले छात्र ही अपने सपनों को साकार कर सफलता की नई ऊंचाइयों को छूते हैं। समारोह में बेस्ट एथलीट ऑफ द ईयर (सीनियर कैटेगरी) में राधिका थापा और यशराज पुंडीर ने बाजी मारी, जबकि मिडिल कैटेगरी में आरव शर्मा और आराधना ठाकुरी अव्वल रहे। जूनियर कैटेगरी में शिवाय सिंह और वंशिका सेमवाल ने प्रथम स्थान हासिल किया। इंटर हाउस कॉक हाउस प्रतियोगिता में खुशी गोस्वामी, उत्कर्ष कठैत, अर्जुन घनशाला, ओम सिंह और वैष्णवी बी. चौबे ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इंटर हाउस बैडमिंटन प्रतियोगिता में उत्कर्ष कठैत और आद्या डिमरी विजेता रहे, जबकि इंटर हाउस फुटबॉल प्रतियोगिता में चित्रार्थ अग्रहोत्री, अनैशा नैथानी, अर्जुन घनशाला और आराधना ठाकुरी ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। इंटर हाउस खो-खो प्रतियोगिता में स्वास्तिक सिंह पायल और स्वास्थी थापा ने परचम लहराया।

ग्राफिक एरा ग्लोबल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने अपनी अद्भुत प्रतिभा, अनुशासन और खेल कौशल के दम पर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार सफलता अर्जित की, जिसके लिए उन्हें सम्मानित किया गया। उत्तराखंड स्टेट राइफल/पिस्टल चैंपियनशिप में राधिका थापा ने सफलता हासिल की, वहीं कार्तिकेय नैनवाल ने शतरंज प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाई। जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप में आद्या डिमरी ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि अनुभवी चौधरी का चयन राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ। राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में सार्थक बिष्ट और ऋद्धिमा बिष्ट ने पदक अपने नाम किए। थांग-टा चैंपियनशिप में अबेर खान और अंकुश भंडारी ने दमदार प्रदर्शन किया। आईसीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर अहाना धवन, तनिषा अकरम अंसारी और अंश प्रताप सिंह को सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें छात्रवृत्तियां भी प्रदान की गईं।

समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। छात्र छात्राओं ने गणेश वंदना, भक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पहाड़ी, नेपाली, गुजराती गरबा-डांडिया और बंगाली धुनुची नृत्य ने भारतीय संस्कृति की विविधता और समृद्ध विरासत को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। समारोह में ग्राफिक एरा ग्लोबल स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक शामिल हुए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *