Tue. Oct 27th, 2026

कुलपति प्रो. नरपिंदर सिंह को आईएएफओएसटी की फेलोशिप

कुलपति प्रो. नरपिंदर सिंह को आईएएफओएसटी की फेलोशिप

 

देहरादून , 27 अक्टूबर । ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. नरपिंदर सिंह को इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी (आईएएफओएसटी) का फेलो चुना गया है। आज हांगकांग में आईएएफओएसटी के अध्यक्ष प्रो. फरीदून शाहिदी ने उन्हें फेलोशिप प्रदान कर सम्मानित किया।

इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी (आईएएफओएसटी) की फेलोशिप खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध, नवाचार और वैज्ञानिक प्रगति में उल्लेखनीय एवं निरंतर योगदान देने वाले विश्व के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों को प्रदान की जाती है।

हांगकांग में आयोजित वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी (आईयूएफओएसटी 2026) में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. नरपिंदर सिंह को आईएएफओएसटी के फेलो के सम्मान से नवाजा गया।

प्रो. नरपिंदर सिंह को अनाज रसायन विज्ञान, स्टार्च विज्ञान, दलहन प्रौद्योगिकी, खाद्य जैव-पॉलिमर, पादप प्रोटीन की कार्यक्षमता और टिकाऊ खाद्य प्रसंस्करण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उनके उल्लेखनीय शोध एवं वैज्ञानिक योगदान के लिए इस प्रतिष्ठित फेलोशिप से सम्मानित किया गया है। वर्ष 2026 में 14 देशों के चुनिंदा वैज्ञानिकों में शामिल प्रो. सिंह का चयन खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनकी अंतर्राष्ट्रीय पहचान को रेखांकित करता है।

गौरतलब है कि हाल ही में जारी स्टैनफोर्ड–एल्सेवियर 2026 की रैंकिंग में प्रो. नरपिंदर सिंह को कृषि एवं खाद्य विज्ञान के क्षेत्र में भारत में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *